चाईबासा : झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC), रांची द्वारा 3 फरवरी से 23 फरवरी तक आयोजित होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त संचालन को लेकर जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में कोल्हन विश्वविद्यालय सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 15,494 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 29 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें आर्ट्स के 7,766, साइंस के 1,168 और कॉमर्स के 1,306 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षा एक संवेदनशील प्रक्रिया है, जिसे जैक के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा प्रश्नपत्रों और परीक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में गोपनीयता बनाए रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी परीक्षार्थी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि पूर्व वर्षों की परीक्षाओं की समीक्षा की गई है और इस वर्ष परीक्षा को और अधिक शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
बैठक में सुशांत प्रधान एवं मनोज राउत ने सभी केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और दंडाधिकारियों को जैक की निर्देशिका के अनुरूप परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ परीक्षा के सफल संचालन की अपील की गई। इस अवसर पर अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित सभी संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
31
Jan

