चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी में जारी आंतरिक विवाद के बीच चाईबासा नगर कांग्रेस कमेटी ने बगावती रुख अपनाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।

नगर उपाध्यक्ष, महासचिव, कई वार्ड अध्यक्षों समेत दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। सभी ने अपना इस्तीफा जिला अध्यक्ष रंजन बोइपाई के नाम कार्यालय सचिव सुशील दास को सौंपा।
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने बताया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा चाईबासा नगर अध्यक्ष मो. सलीम को निलंबित करना और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के विपरीत दूसरे व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करना गलत फैसला है। उनका कहना है कि यह निर्णय जमीनी सच्चाई से दूर है और इससे समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा का अपमान हुआ है।

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की है। जब उनकी राय को महत्व नहीं दिया जाता, तो वे इस व्यवस्था का हिस्सा नहीं बने रह सकते। इसी कारण सभी ने एकमत होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

यह सामूहिक इस्तीफा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सौंप दिया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसका असर आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती पर पड़ सकता है।

