चाईबासा : नगर परिषद, चाईबासा के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रंजीत यादव ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। इस संबंध में उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाम एक आवेदन दिया, जिसे रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह नगर परिषद चुनाव पर्यवेक्षक त्रिशानु राय को सौंपा गया।
आवेदन में रंजीत यादव ने उल्लेख किया है कि वे कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए लंबे समय से पार्टी के हित में कार्य करते आ रहे हैं। वर्तमान में वे महावीर मंडल के अध्यक्ष तथा ट्रक एसोसिएशन के महासचिव हैं, जिसके माध्यम से उनका नगर परिषद क्षेत्र के आम लोगों से निरंतर संपर्क बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि चाईबासा शहर के सर्वांगीण विकास को लक्ष्य बनाकर वे इस चुनावी प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं।
मौके पर कांग्रेस कार्यालय सचिव सुशील दास, वरीय कांग्रेसी संतोष सिन्हा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
18
Jan

