पश्चिम सिंहभूम | चक्रधरपुर स्थित पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (इंग्लिश मीडियम), पंप रोड शत्रुघ्न नगर में सोमवार को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर अबीर-गुलाल और उत्साह के रंगों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएँ देकर की। उन्होंने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व वसंत ऋतु का संदेशवाहक है और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने भक्त प्रह्लाद की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि असुर कुल में जन्म लेने के बावजूद उनकी अटूट भक्ति ने ईश्वर के संदेश को संसार में फैलाया।

उत्सव के दौरान विद्यालय के आचार्य बंधु-भगिनी एवं भैया-बहनों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर और गुलाल उड़ाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर “होली है” के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में जयश्री दास, शांति देवी, मीना कुमारी, सौभिक घटक, स्वास्तिक सोय, भारती कुमारी, चांदनी जोंको, जयंती तांती सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

