सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कोलाबाडिया गांव में उत्कल सम्मेलनी राजनगर प्रखंड समिति की ओर से अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड समिति अध्यक्ष अजीत कुमार राउत ने की।

कार्यक्रम में सम्मेलनी के जिला परिदर्शक सुशील षाड़ंगी, विनोद राउत, घासीराम महतो, परेश महतो तथा उड़िया भाषा की शिक्षिका मेनका राउत उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर उड़िया भाषा के छात्र-छात्राओं के बीच ‘मधुबनवध’ पुस्तक और कलम वितरित किए गए।

जिला परिदर्शक ने कहा कि भाषा मानव जीवन का आधार है। भाषा के माध्यम से ही विचारों का आदान-प्रदान होता है और हमारी संस्कृति व संस्कार मातृभाषा से जुड़े होते हैं। उन्होंने मातृभाषा के सम्मान और संरक्षण पर जोर दिया।

प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार राउत ने कहा कि भाषा समाज को एक सूत्र में बांधने वाली मजबूत डोर है। हर वर्ष 21 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाकर भाषाई विविधता और एकता का संदेश दिया जाता है।
अन्य वक्ताओं ने भी मातृभाषा दिवस की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।

