सरायकेला : नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला परिसर का निरीक्षण किया। यहां प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम (बज्रगृह) और मतगणना केंद्र के लिए चिन्हित स्थलों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान परिसर में पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां योजनाबद्ध और समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा निर्वाचन से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ और त्रुटिरहित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान निर्वाचन सामग्रियों की पैकेजिंग प्रक्रिया का भी अवलोकन किया गया। निर्देश दिया गया कि प्रत्येक पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्री अनिवार्य रूप से शामिल की जाए तथा पैकिंग पूर्ण होने के बाद प्रत्येक पैकेट की सूक्ष्म जांच अवश्य की जाए।

मौके पर निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, उप निबंधक, जिला पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

