चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के महुलडीया गांव स्थित उलीहातु टोला में एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर 12 फरवरी 2026 को पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान जोगना हेम्ब्रम (27 वर्ष), निवासी सान मृगलिंडी, थाना टोन्टो के रूप में हुई है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।

इस मामले में बड़ा महुलडीया, उलीहातु निवासी सुरेश सिंकु (20 वर्ष) को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर, 13 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

