राउरकेला : राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) की ओर से बिसरा प्रखंड के जराईकेला स्थित कोपसिंगा गांव में प्रखंड स्तरीय संवर्धन ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में कार्यपालक निदेशक (खान विकास-सीएमएलओ) बीके गिरि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) टीजी कानेकर भी मौजूद रहे।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सारूबहाल की केटी ब्रदर्स और बंडामुंडा आरएस कॉलोनी के बीच खेला गया, जिसमें सारूबहाल की टीम ने जीत हासिल की। बीके गिरि ने विजेता टीम को बधाई दी और सभी प्रतिभागी टीमों की खेल भावना व उत्साह की सराहना की। उन्होंने ग्रामीण युवाओं में टीमवर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में फुटबॉल की भूमिका पर प्रकाश डाला।

अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 10,000 रुपये नकद और उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित 8,000 रुपये नकद प्रदान किए। जाराटोली की एमवाईसी टीम तीसरे तथा सारूबहाल नुआटोली की टीम चौथे स्थान पर रही, जिन्हें क्रमशः 6,000 और 4,000 रुपये की नकद राशि दी गई।
टूर्नामेंट का आयोजन आरएसपी के संरक्षण में वीणापाणि, मीनू और खुशबू स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को देखने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी उपस्थित हुए। मौके पर जराईकेला पंचायत के सरपंच सुरेश उरांव, समिति सदस्य सोमनाथ राहा सहित सीएसआर विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।

