सराइकेला : नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों की नियमित समीक्षा के तहत शुक्रवार को समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मतदान-पूर्व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न कोषांगों द्वारा संचालित गतिविधियों तथा पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर क्षेत्र के क्रिटिकल बूथों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
उन्होंने मतपेटियों पर अंकित संख्याओं का सूची से मिलान कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने तथा वाहन कोषांग को मतदान एवं निर्वाचन सामग्री के परिवहन के लिए समय पर पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

बैठक में आदर्श आचार संहिता के सख्त अनुपालन पर जोर दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों के साथ बैठक कर उन्हें चुनाव प्रचार से संबंधित नियमों एवं आचार संहिता की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही आरओ हैंडबुक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा एसएसटी चेकपोस्टों पर टेंट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील एवं क्रिटिकल क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था, कार्मिक प्रबंधन एवं संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल स्टील विकास राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

