सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा बस्ती निवासी दीपक मिश्रा पर चापड़ और पिस्टल से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, दूसरे अभियुक्त की तलाश जारी है।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सरायकेला समीर सवैया ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को दीपक मिश्रा द्वारा आदित्यपुर थाना में राहुल पंडित एवं सुजीत शर्मा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 जनवरी की रात आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओल्ड विद्युत नगर निवासी 24 वर्षीय अपराधकर्मी राहुल पंडित को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक खोखा तथा एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान राहुल पंडित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में भी हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
एसडीपीओ ने बताया कि अभियुक्त ने स्वीकारोक्ति बयान में कहा है कि पूर्व में दीपक मिश्रा द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी तथा उसकी स्कॉर्पियो वाहन में तोड़फोड़ की गई थी। इसी रंजिश में उसने बदले की भावना से दीपक मिश्रा पर जानलेवा हमला किया।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ आदित्यपुर थाना के पुअनि सुनील कुमार सिंह, पुअनि जयराज कुमार सोनी (अनुसंधानकर्ता), पुअनि सुधांशु कुमार, पुअनि कमल यादव, पुअनि राग कुमार सिंह, आरक्षी 945 राघवेन्द्र कुमार सिंह एवं आरक्षी 913 दीपक कुमार शामिल थे।
आदित्यपुर में जानलेवा हमला मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार, हथियार बरामद

