राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 : सरायकेला–खरसावाँ में सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी

सरायकेला–खरसावाँ : समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के भ्रमण के लिए रवाना किया। यह रथ आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा।

जिला परिवहन विभाग, सरायकेला–खरसावाँ द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हंसदा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित व्यवहार को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने बताया कि उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पूरे माह जिले में विभिन्न जागरूकता और प्रवर्तन गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं। इसके तहत जागरूकता रथ एवं एलईडी वाहनों से ऑडियो-विजुअल प्रचार, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत कार्यक्रम तथा चित्रकला और रंगोली जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएँ यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, इसलिए नियमों का स्वैच्छिक पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने की अपील की।

कार्यक्रम में सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी निवेदिता नियति, सब-रजिस्ट्रार घासीराम पिंगुआ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार एवं रवि प्रसाद सहित अन्य अधिकारी और विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।

By maskal.news

You May Also Like