चाईबासा : नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत आज चाईबासा नगर परिषद और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। पूरे दिन मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और निर्धारित समय तक मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही।

मतदान समाप्त होने के बाद मतदान कर्मियों द्वारा मतपेटिकाएं महिला कॉलेज स्थित रिसीविंग सेंटर में जमा कराई जा रही हैं। पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा रहा है।

रिसीविंग सेंटर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि मतपेटिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्राप्त मतपेटिकाओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत सुरक्षित स्थान पर रखा जा रहा है।

इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि चुनाव कार्य निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

