बूड़ीगोड़ा में फुटबॉल की आड़ में जुआ, अवैध शराब व अश्लील ऑर्केस्ट्रा को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा:- धी. रामहरि पेरियार

पश्चिम सिंहभूम : चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम बूड़ीगोड़ा पोस्ट–जमीद, पंचायत–सिलफोड़ी में दिनांक 20 दिसंबर 2025 से आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता की आड़ में प्रतिबंधित जुआ (हब्बा-डब्बा), अवैध शराब (हड़िया/रासी) की खुलेआम बिक्री तथा रात्रिकालीन अश्लील ऑर्केस्ट्रा संचालित होने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
इस संबंध में एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष धी रामहरि पेरियार ने उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम को लिखित शिकायत देकर मजिस्ट्रियल जांच एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि शाम होते ही गांव में अवैध गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक सामाजिक प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों द्वारा बार-बार आपत्ति के बावजूद प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई न होना संभावित संरक्षण की ओर इशारा करता है।
    धी. रामहरि पेरियार ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेलों से किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन खेल की आड़ में कानून का उल्लंघन संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत नागरिकों के सुरक्षित जीवन के अधिकार का हनन है।
    उन्होंने अवैध शराब, जुआ और रात्रिकालीन ऑर्केस्ट्रा पर तत्काल रोक, दोषियों के साथ-साथ संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों पर कड़ी निगरानी की मांग की है।
कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में मामला राज्य मानवाधिकार आयोग व न्यायालय तक ले जाने की चेतावनी दी गई है।

By maskal.news

You May Also Like