मनोहरपुर : पोड़ाहाट वन प्रमंडल के आनंदपुर रेंज अंतर्गत मनोहरपुर प्रखंड के कोलपोटका गांव के बाबू टोला और बीच टोला में शनिवार रात करीब डेढ़ दर्जन जंगली हाथियों ने घंटों डेरा डाले रखा। इस दौरान हाथियों ने दो घरों को भारी नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, हाथियों ने धनेश्वर महतो और लोदरो मुंडा के घरों को तोड़ दिया। घटना के समय धनेश्वर महतो के घर पर कोई मौजूद नहीं था, जबकि लोदरो मुंडा के घर में लोग थे। हाथियों के हमले के बाद परिवार के सदस्य जान बचाकर भागने में सफल रहे।

हाथियों ने धनेश्वर महतो के दो खेतों में लगी चने की फसल और खेत में लगे सोलर प्लेटों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी रात करीब 8 बजे से लेकर रविवार तड़के तक गांव में रहे और सुबह होने से पहले पास के जंगल की ओर चले गए।

बताया जा रहा है कि ओड़िशा की ओर से वन विभाग द्वारा खदेड़े जाने के बाद हाथियों का झुंड झारखंड-ओड़िशा सीमा स्थित इस गांव में पहुंच गया। झुंड में करीब 10 हाथी के बच्चे भी शामिल हैं।
ग्रामीणों को आशंका है कि हाथी रविवार रात फिर से कोलपोटका और आसपास के गांवों में आ सकते हैं। इस संबंध में पोड़ाहाट वन प्रमंडल के डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि विभाग की टीम रात में गांव के आसपास मौजूद थी और हाथियों को सुरक्षित स्थान की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है।

