सरायकेला : उपायुक्त–सह–जिला दण्डाधिकारी, सरायकेला–खरसावाँ (सामान्य शाखा) द्वारा जारी आम सूचना के अनुसार झारखंड गृह रक्षा वाहिनी अंतर्गत विज्ञापन संख्या–01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन के लिए प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और दावा–आपत्ति के निष्पादन के बाद पात्र अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक जांच परीक्षा एवं लिखित परीक्षा का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि वे अपने-अपने प्रखंड के लिए निर्धारित तिथि को प्रातः 05:00 बजे परीक्षा केंद्र बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को अपने साथ आवेदन की पावती रसीद (Acknowledgement Slip) तथा पहचान-पत्र के रूप में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।
प्रखंडवार परीक्षा कार्यक्रम

कुकड़ू : 888 अभ्यर्थी (महिला–276, पुरुष–612) – 17 मार्च 2026
कुचाई : 1189 अभ्यर्थी (महिला–367, पुरुष–822) – 18 मार्च 2026
गम्हरिया : 1086 अभ्यर्थी (महिला–433, पुरुष–653) – 19 मार्च 2026
ईचागढ़ : 1535 अभ्यर्थी (महिला–492, पुरुष–1043) – 23 व 24 मार्च 2026
चांडिल : 1149 अभ्यर्थी (महिला–422, पुरुष–727) – 28 मार्च 2026
राजनगर : 1778 अभ्यर्थी (महिला–645, पुरुष–1133) – 01 व 02 अप्रैल 2026
सरायकेला : 1317 अभ्यर्थी (महिला–528, पुरुष–789) – 04 अप्रैल 2026
खरसावाँ : 1291 अभ्यर्थी (महिला–364, पुरुष–927) – 06 अप्रैल 2026
नीमडीह : 1168 अभ्यर्थी (महिला–366, पुरुष–802) – 07 अप्रैल 2026
गैर तकनीकी (शहरी) : 293 अभ्यर्थी (महिला–67, पुरुष–226) – 08 अप्रैल 2026
तकनीकी (शहरी) : 172 अभ्यर्थी (महिला–23, पुरुष–149) – 09 अप्रैल 2026
प्रखंड संबंधी महत्वपूर्ण सूचना
जिला प्रशासन ने बताया है कि कुछ अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में अंकित प्रखंड तथा संलग्न स्थानीय निवास प्रमाण पत्र में अंकित प्रखंड अलग-अलग पाए गए हैं। ऐसी स्थिति में संबंधित अभ्यर्थियों को उनके स्थानीय निवास प्रमाण पत्र में दर्ज प्रखंड के आधार पर उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध अभ्यर्थी माना गया है।

इस कारण अंतिम प्रखंडवार मास्टरशीट में अभ्यर्थियों का प्रखंड ऑनलाइन आवेदन में दर्ज प्रखंड से भिन्न हो सकता है।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने स्थानीय निवास प्रमाण पत्र में अंकित प्रखंड के अनुसार प्रकाशित मास्टरशीट में अपना नाम, निबंधन संख्या व अन्य विवरण का मिलान कर लें तथा निर्धारित तिथि को परीक्षा में सम्मिलित होना सुनिश्चित करें।

