खरसावां : खरसावां के पथ निरीक्षण भवन में वृहद झारखंड मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 4 मार्च 2026 को प्रस्तावित प्रथम वार्षिक अधिवेशन को होली पर्व के कारण स्थगित कर अब 8 मार्च 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

केंद्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय ने कहा कि यह मोर्चा का पहला वार्षिक अधिवेशन होगा और इसमें कोल्हान प्रमंडल समेत झारखंड के अन्य प्रमंडलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इसके साथ ही संगठन में सैकड़ों नए सदस्य जोड़ने की योजना है।

केंद्रीय महासचिव भरत सिंह गागराई ने कहा कि राज्य में रोजगार की कमी के कारण युवाओं का पलायन बढ़ रहा है और सरकारी स्कूल व अस्पतालों की स्थिति चिंता का विषय है। केंद्रीय कोषाध्यक्ष अभय सिंह जामुदा ने कहा कि राज्य की शासन व्यवस्था पूंजीपतियों के प्रभाव में है और मूल निवासी अपने ही राज्य में संघर्ष का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने झारखंडियों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की।

पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष दुर्गा चरण पुरती ने बताया कि 8 मार्च के अधिवेशन की तैयारियां शुरू हो गई हैं और सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता इसे सफल बनाने में जुट गए हैं।

