चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन और बालू भंडारण पर जिला खनन विभाग ने छापा मारा

सराइकेला : उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर आज 28 जनवरी 2026 को जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के मौजा–सपादा और सिरकाडीह में लगभग 1,10,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। वहीं, इसी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी मशीन को भी जब्त कर तिरुलडीह थाना को सुपुर्द किया गया।
ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मौजा–सोड़ो जारगोडीह में लगभग 45,000 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया। जब्त बालू की ई-नीलामी जल्द की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा–झीमडी में लाल टुंगरी (एकलव्य विद्यालय परिसर) में लौह अयस्क के अवैध उत्खनन के तीन बड़े गड्ढे पाए गए। इसके संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

By maskal.news

You May Also Like