चाईबासा : मंगलाहाट में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुराना और जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इस दुर्घटना में वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक राहगीर को चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को सहायता पहुंचाई और उसका प्राथमिक उपचार कराया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलहाट परिसर का उक्त हिस्सा लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। कमजोर और क्षतिग्रस्त संरचना के कारण ही छज्जा टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के बाद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मंगलहाट परिसर के कई हिस्से खस्ताहाल हैं, जिनसे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे परिसर की तकनीकी जांच कराने तथा खतरनाक ढांचों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं नगर निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

