सरायकेला-खरसावां : जिले के राजनगर प्रखंड कार्यालय में शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय में कार्यरत कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन किया और सभी कर्मियों को बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से नियमित उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन में अनुशासन और समयबद्धता बनाए रखने पर बल दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने राजनगर स्थित खाद्यान्न गोदाम का भी जायजा लिया। उन्होंने गोदाम प्रबंधक को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत प्राप्त खाद्यान्न को निर्धारित समय पर संबंधित डीलरों तक पहुंचाने, खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण तथा अभिलेखों के समुचित संधारण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

इसके बाद उपायुक्त ने जामबनी लैम्प्स का निरीक्षण किया, जहां गोदाम में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध पाया गया। इस संबंध में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को खाद्यान्न के भंडारण और वितरण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को नियमों के अनुरूप समुचित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया।

