सरायकेला-खरसावां : उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में संधारित पंजी एवं संचिकाओं की स्थिति, कार्यों के आवंटन की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा दैनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। जांच के दौरान अभिलेख संधारण, कार्य निष्पादन प्रक्रिया एवं आंतरिक व्यवस्था में कई कमियां पाई गईं।
डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी पंजी एवं संचिकाओं का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय में कार्यों का स्पष्ट एवं उत्तरदायित्व आधारित आवंटन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अनुशासित, जवाबदेह और कार्योन्मुखी कार्यसंस्कृति विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों को 15 दिनों के भीतर दूर करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यह भी बताया कि निर्धारित अवधि के बाद निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।
डीडीसी रीना हांसदा ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, 15 दिनों में सुधार के निर्देश

