चाईबासा : चाईबासा की रेलवे कॉलोनी में मूलभूत समस्याओं को लेकर 16 फरवरी 2026 को कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से आवेदन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे और एकजुट होकर अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाईं।

आवेदन में पानी की नियमित आपूर्ति, साफ-सफाई की खराब व्यवस्था, गंदी नालियां, पार्कों की दुर्दशा तथा क्वार्टर मरम्मत कार्य में हो रही देरी और लापरवाही जैसे मुद्दे उठाए गए।

साथ ही 12 फरवरी 2026 को मरम्मत कार्य के दौरान बिना सुरक्षा मानकों के वेल्डिंग करने से लगी आग की घटना का भी जिक्र किया गया। यह घटना क्वार्टर संख्या T-2/5, 7 और 8 (निवासी – सोमनाथ मुखी) में हुई, जिसमें लगभग ₹50,000 का नुकसान हुआ। कॉलोनीवासियों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

यह आवेदन असिस्टेंट डिविजनल इंजीनियर (ADEN) को सौंपा गया। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता दुवारिका शर्मा ने कॉलोनीवासियों का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है। समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर समस्याओं के समाधान की मांग की है।

