रांची : साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए पहले वनडे मैच में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 135 रनों की धमाकेदार पारी खेली। कोहली ने मात्र 120 गेंदों पर 11 चौकों और 7 छक्कों की मदद से ये रन बनाए। उन्होंने छक्के के साथ फिफ्टी और चौके के साथ सेंचुरी पूरी की।
इस पारी के साथ कोहली ने वनडे इंटरनेशनल करियर का अपना 52वां शतक लगाया और एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (51 शतक, टेस्ट क्रिकेट) को पीछे छोड़ दिया।
मैदान में पहुंचा कोहली का फैन, छुए पैर :-
शतक पूरा करने के बाद जब विराट कोहली जश्न मना रहे थे, तभी एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर अचानक पिच पर पहुंच गया। वह उनके करीब आया और घुटनों के बल बैठकर कोहली के पैर छूने लगा। इस दौरान मैदान में कुछ पल के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे मैदान से बाहर ले जाया। सुरक्षा व्यवस्था की इस चूक के कारण खेल कुछ समय के लिए रुक गया, हालांकि स्थिति नियंत्रण में आते ही मैच फिर शुरू कर दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

