दुबई एयर शो में तेजस विमान हादसा — लोगों को बचाते हुए विंग कमांडर नमांश स्याल ने दी शहादत

दुबई : दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान एक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गया। इस विमान को विंग कमांडर नमांश स्याल उड़ा रहे थे, जिन्होंने हादसे के दौरान एयर शो में मौजूद भीड़ को बचाने के लिए बहादुरी और कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी। भारतीय वायुसेना ने पुष्टि की कि पायलट ने दुर्घटना के अंतिम क्षणों में विमान को भीड़ से दूर ले जाने का प्रयास किया, जिसके चलते उन्हें इजेक्ट करने का मौका नहीं मिला और वे वीरगति को प्राप्त हुए। विंग कमांडर स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी थे।

हिमाचल प्रदेश के सीएम ने जताया शोक

विंग कमांडर स्याल के निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि दुबई एयर शो में तेजस विमान हादसे में कांगड़ा के वीर सपूत नमांश स्याल जी की शहादत अत्यंत हृदयविदारक है। सीएम सुक्खू ने कहा कि देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए उनकी अदम्य वीरता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया।

कौन थे विंग कमांडर नमांश स्याल?
34 वर्षीय विंग कमांडर नमांश स्याल नगरोटा के निवासी थे। उन्होंने मिग-21 और सुखोई SU-30MKI जैसे उन्नत लड़ाकू विमानों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्तमान में वे भारतीय वायुसेना के तीसरे स्क्वॉर्डन में तेजस विमान उड़ा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?
भारतीय वायुसेना से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पायलट ने एक पॉजिटिव-हाई G टर्न लिया और ऊंचाई पाने के लिए विंग ओवर में रोल किया। इसी दौरान नेगेटिव G पुशओवर के दौरान विमान में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। पायलट ने तुरंत विमान को लेवल करने और भीड़ से दूर खींचने की कोशिश की, लेकिन विमान फ्लैट एटीट्यूड में जमीन से टकरा गया। विशेषज्ञों का मानना है कि हादसे के अंतिम क्षणों में पायलट की प्राथमिकता नीचे मौजूद लोगों की सुरक्षा थी, जिसके कारण उन्होंने अपनी जान की परवाह नहीं की।

हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी आदेशित कर दी गई है। फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर के विश्लेषण के बाद ही दुर्घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी।

देश एक वीर सपूत की शहादत को सलाम करता है।

By maskal.news

You May Also Like