जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में फल व्यवसायी कन्हैया यादव की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग मंगलवार को गोलमुरी थाना पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।

परिजनों का कहना है कि कन्हैया यादव को पहले से धमकियां मिल रही थीं और इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। उनका आरोप है कि समय पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना हुई। प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे व्यापारिक प्रतिस्पर्धा, पुरानी रंजिश या टिनप्लेट काली मंदिर चुनाव से जुड़ा विवाद संभावित कारण हो सकता है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

