भुवनेश्वर : देशभर में 12 फरवरी 2026 को भारत बंद का आह्वान किया गया है। यह बंद 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और विभिन्न किसान संगठनों के संयुक्त समर्थन से आयोजित किया जा रहा है। बंद का उद्देश्य केंद्र सरकार के नए श्रम कानूनों, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण और किसानों से जुड़े मुद्दों के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करना है।

आयोजकों के अनुसार, बंद के दौरान बैंकिंग सेवाएं, सार्वजनिक परिवहन, सरकारी कार्यालयों और बाजारों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया है, जिससे आम जनता को जरूरी सुविधाएं मिलती रहें।

ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में बंद का प्रभाव मध्यम से अधिक रहने का अनुमान है। संभावित स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।


