खरसावां में राष्ट्रीय गणित दिवस पर गणित प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन

खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय, खरसावां में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर गणित प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गणितीय आकलन, नवाचार आधारित प्रदर्श, मॉडल चार्ट और गणितीय पहेलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और गणित के प्रति रुचि दिखाई।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में रौनक एवं अमन ने प्रथम स्थान, निशा एवं रितु ने द्वितीय स्थान तथा मान्यता और मनीषा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में सुजित एवं गौरव प्रथम, रोहित एवं सिद्धार्थ द्वितीय तथा लक्ष्मी एवं अंतरा तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान माझी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गणित दैनिक जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी है और यह तार्किक व विश्लेषणात्मक सोच को विकसित करता है। डीएसए सचिव मो. दिलदार ने कहा कि जागने से लेकर सोने तक हमारे जीवन में गणित का महत्वपूर्ण योगदान है और वैज्ञानिक युग में इसका महत्व और बढ़ गया है।

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं निशा मोदक एवं रोहित महतो ने किया। निर्णायक मंडली में रामेश्वर मुंडा, पुष्पा बाखला एवं रेणुका पथाल शामिल रहे।

By maskal.news

You May Also Like