जमशेदपुर : जमशेदपुर में राष्ट्रपति Droupadi Murmu के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राष्ट्रपति के आगमन को जिले के लिए गौरव का अवसर बताते हुए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दौरे के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और ब्लू बुक के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

राष्ट्रपति के कारकेड के आवागमन के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान और रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस को पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।
इसके अलावा शहर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और प्रमुख सड़कों की मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल, मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया है।
प्रशासन ने सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है, ताकि राष्ट्रपति का दौरा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

