खूंटी : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर मंगलवार को खूंटी जिले के उलिहातु स्थित बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम शामिल हुए।
सभी अतिथियों ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्ष, जनसेवा तथा स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनजातीय समुदाय के सदस्य और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के प्रतीक और देश की स्वतंत्रता व अधिकारों की लड़ाई के प्रेरक रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया।
जनजातीय गौरव दिवस और झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह समारोह उत्साह और सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
उलिहातु में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर भव्य समारोह आयोजित

