चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद सभागार में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा ने चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के 50, चाईबासा प्रखंड के 57 और खुंटपानी प्रखंड के 61 पीडीएस दुकानदारों को 4G ई-पॉश मशीनें वितरित कीं।
अधिकारियों ने बताया कि खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, रांची की ओर से एनएफएसए और जेएसएफएसएस योजनाओं के तहत खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों के वितरण को अधिक तेज और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ये मशीनें खरीदी गई हैं। सबसे पहले इनका वितरण पश्चिमी सिंहभूम जिले में किया जा रहा है।
राज्य स्तर पर टेंडर के माध्यम से चयनित विजनटेक कंपनी की 10 सदस्यीय टीम 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक जिले के आठ प्रखंडों में कुल 1230 मशीनों का प्रशिक्षण और वितरण कार्य कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार 4G ई-पॉश मशीनों से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया तेज होगी, लाभुकों की पहचान तुरंत सुनिश्चित की जा सकेगी और वितरण में लगने वाला समय भी कम होगा।
कार्यक्रम में सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलखो सहित कई अधिकारियों और पीडीएस दुकानदारों की उपस्थिति रही।
पश्चिमी सिंहभूम में 4G ई–पॉश मशीनों का वितरण शुरू — खाद्यान्न वितरण व्यवस्था होगी तेज और पारदर्शी

