रांची : झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक एयर एंबुलेंस रडार से गायब हो गई और बाद में उसके क्रैश होने की पुष्टि हुई। यह हादसा चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र के पास हुआ बताया जा रहा है। विमान में मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे।

उड़ान के बाद टूटा संपर्क
सूत्रों के अनुसार, एयर एंबुलेंस ने सोमवार शाम लगभग 7:10 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के करीब 24 मिनट बाद, शाम 7:34 बजे विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से टूट गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उड़ान भरने के बाद विमान का नियंत्रण अगले स्टेशन को सौंप दिया गया था, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।

डीजीसीए और एयरपोर्ट प्रशासन की प्रतिक्रिया
डीजीसीए के सूत्रों ने बताया कि रांची से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक चार्टर मेडिकल फ्लाइट रडार से गायब हो गई थी। रांची एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की कि विमान का संपर्क टूटने की सूचना राज्य प्रशासन को दे दी गई थी और सभी आवश्यक एसओपी का पालन किया गया।

रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने समाचार एजेंसी Press Trust of India (PTI) को बताया कि एयर एंबुलेंस झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना राज्य प्रशासन से प्राप्त हुई है।
संभावित कारण
दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस को रेड बर्ड एयरवेज का बताया जा रहा है। विमान को कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सवरदीप सिंह उड़ा रहे थे। प्रारंभिक आशंका है कि खराब मौसम या तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
चतरा के एसपी सुमित अग्रवाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
विमान में सवार लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयर एंबुलेंस 41 वर्षीय संजय कुमार नामक मरीज को रांची से दिल्ली ले जा रही थी। वे गंभीर रूप से झुलसे हुए थे और देव कमल अस्पताल में भर्ती थे। विमान में उनके अलावा रितेश कुमार, सचिन कुमार मिश्रा, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, अर्चना देवी और धुरू कुमार सवार थे। इनमें एक डॉक्टर, एक पारा मेडिकल स्टाफ, दो अटेंडेंट और पायलट शामिल थे।
फिलहाल किसी के भी जीवित बचने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

