चाईबासा : स्थानीय डीपीएस स्थित जेपी ऑडिटोरियम में सोमवार को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक किशोर कुमार प्रसाद का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी रहीं। इस अवसर पर उन्होंने किशोर कुमार प्रसाद को फूलों का गुलदस्ता और डायरी भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, वे जीवन भर बच्चों को ज्ञान देते रहते हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में किशोर प्रसाद के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करना आसान नहीं होता। उन्होंने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका संध्या प्रधान भी मौजूद रहीं। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने किशोर प्रसाद को बुके और उपहार देकर सम्मानित किया।
डीपीएस के जेपी ऑडिटोरियम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक किशोर कुमार प्रसाद का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित

