नई दिल्ली | राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया में अब केवल एक दिन शेष है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्यसभा के लिए अपने 9 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।

बीजेपी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं असम से तेराश गोवाला और जेगेन मोहन को टिकट दिया गया है। ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को नामित किया गया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने हैं उनमें महाराष्ट्र (7 सीट), ओडिशा (4 सीट), तेलंगाना (2 सीट), तमिलनाडु (6 सीट), छत्तीसगढ़ (2 सीट), पश्चिम बंगाल (5 सीट), असम (3 सीट), हरियाणा (2 सीट), हिमाचल प्रदेश (1 सीट) और बिहार (5 सीट) शामिल हैं।

इन सभी सीटों के लिए 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।

